आगरा से रोडवेज की बस से अगर 10 तारीख तक दिल्ली जाने का कार्यक्रम है, तो यह खबर आपके काम की है। परिवहन निगम की बसें दिल्ली तक नहीं पहुंचा सकेंगी। बसें बल्लभगढ़ तक ही चलेंगी, उसके बाद मेट्रो से दिल्ली तक जाना पड़ेगा।
इसी तरह ताज एक्सप्रेस से दिल्ली नहीं जा सकेंगे। 9 और 10 सितंबर को ताज एक्सप्रेस निरस्त रहेगी, जबकि आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली के स्थान पर हजरत निजामुद्दीन से ही चलेगी। 24 अन्य ट्रेन का रूट भी जी-20 आयोजन के कारण प्रभावित रहेगा।
दिल्ली में हो रहे जी-20 आयोजन के चलते 10 सितंबर तक यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। ईदगाह और आईएसबीटी से दिल्ली जाने वाली बसों की संख्या एक चौथाई रह गई है।
दिल्ली की जगह 8 से 10 सितंबर के बीच बसें वल्लभगढ़ तक ही जाएंगी। बल्लभगढ़ से दिल्ली जाने के लिए सड़क मार्ग से कोई संसाधन नहीं मिलेगा। वहीं, दिल्ली फरीदाबाद के बीच 43 शटल ट्रेनें भी 10 सितंबर तक बंद कर दी गई हैं। मेट्रो का संचालन भी सीमित और समय में बदलाव किया गया है।
आगरा से काफी संख्या में लोग नौकरी व व्यापार के सिलसिले में यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाते हैं। उनके लिए भी परेशानी बनी रहेगी। रोडवेज बस से आनंद विहार बस अड्डे तक नहीं जाएगी बल्कि कौशांबी पर उतार देगी। वहां से दूसरा संसाधन तलाशना होगा।
25 फीसदी बसें ही जा रही दिल्ली
ईदगाह बस अड्डे से काले खां बस अड्डे तक 25 फीसदी बसें ही चल रही हैं। बृहस्पतिवार को बसों को बल्लभगढ़ रोकना शुरू कर दिया गया है। दिल्ली बंद होने से सवारियां कम हैं। यमुना एक्सप्रेस वे से नोएडा या दिल्ली जाने वाली सवारी भी कम हुई है। - बीपी अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रबंधक
24 ट्रेनों का यातायात प्रभावित
जी-20 सम्मेलन के कारण रेलवे की दिल्ली जाने वाली 24 ट्रेनों का यातायात प्रभावित होगा। इसमें ताज एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनें 9 और 10 को निरस्त रहेंगी। दो ट्रेनों का यातायात डायवर्ट 20 को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली के स्थान पर हजरत निजामुद्दीन से ही चलेगी। छिंदवाडा-फिरोजपुर एक्सप्रेस को 7 से 10 सितंबर तक ओखला-निजामुद्दीन-नई दिल्ली-शकूर बस्ती के रास्ते और फिरोजपुर-छिंदवाडा एक्सप्रेस को 8 से 11 सितंबर तक पटेल नगर और ओखला स्टेशन पर ठहराव देकर संचालित किया जाएगा। होशियारपुर-अगरा कैंट को 8-9 सितंबर को, अमृतसर-विशाखापट्टनम को 9 सितंबर को, जम्मूतवी-पुणे झेलम एक्सप्रेस को 9-10 सितंबर को, अमृतसर-नांदेड एक्सप्रेस को 10 सितंबर को बादली स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।
5 हजार पार्सल की बुकिंग निरस्त
नई दिल्ली में 9-10 सितंबर को होने वाले जी-20 सम्मेलन के कारण रेलवे दो दिन में 5 हजार पार्सल की बुकिंग निरस्त कर दी हैं। अगले 3 दिन तक आगरा-मथुरा से दिल्ली के लिए पार्सल की बुकिंग भी नहीं की जाएगी। 11 से ही बुकिंग शुरू होगी। मथुरा और आगरा से दिल्ली के लिए रोजाना 4 लाख रुपये के करीब 2500 पार्सल बुक होते हैं। रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि जी-20 के लिए सुरक्षा के लिहाज से आगरा-मथुरा से पार्सल सेवा 6 से 10 तक बंद हैं।