मथुरा के सुरीर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक किन्नर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ एसएसपी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मृतक किन्नर का शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। हत्या के पीछे पुलिस रुपयों का लेनदेन मान रही है। इस मामले में तीन किन्नरों के खिलाफ सुरीर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोसीकलां निवासी 60 वर्षीय किन्नर सखी बाई अपने साथी पायल और माया के साथ सुरीर के बिजऊ में रह रही किन्नर रानी के घर पहुंची। रानी ने उसे मकान देखने के लिए बुलाया था।
गोली मारकर हत्या
इस दौरान पायल और माया मकान देखने के लिए छत पर चली गई। तभी दो गोली चलने की आवाज आई। पायल और माया ने नीचे आकर देखा तो सखी बाई फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी।
बायीं कनपटी और सीने पर गोली लगी थी। पायल और माया ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही रानी साथियों समेत फरार हो गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तथ्य जुटाए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर कमरे को सील कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक के भाई अखयराम ने रानी, गीता और रंजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसएसपी
घटनास्थल पर एसएसपी व पुलिस
सखी बाई की हत्या के बाद उसके साथियों ने काफी देर तक शव को उठने नहीं दिया। एक स्वर में किन्नर सखी के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।
हत्या की सूचना पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी समेत पुलिस के अफसर भी पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी को जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर खुलासे के निर्देश दिए।