किशनी में बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : किशनी में बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
किशनी। नगर पंचायत के मोहल्ला कृष्णा नगर में पिछले तीन दिनों से अंधेरा पड़ा है। मोहल्ले का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से उत्पन्न हुई समस्या से पूरे वार्ड के लोग भारी परेशान हैं। बिजली न आने से टंकियों में पानी नहीं भर पाया है। लोग दूसरे इलाकों में जाकर अपने मोबाइल चार्ज कर रहे हैं। बच्चे पढ़ाई भी नहीं कर पा रहे हैं।
लोगों ने सोमवार सुबह खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर के पास प्रदर्शन कर जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू करवाने की मांग एसडीएम गोपाल शर्मा से की है। वार्ड के निवासी देवेश चौहान ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर शुक्रवार शाम खराब हो गया था। अभी तक खराब ही पड़ा है। रविवार शाम को नया ट्रांसफॉर्मर रखवाया गया। पर चार्ज न होने से वह भी सप्लाई नहीं दे सका। प्रदर्शन में अशोक यादव, सुरेश यादव, रितेश यादव, रवि चौहान, उत्कर्ष, राजू, विकास, जितेंद्र कश्यप, काली कश्यप, राकेश, अवधेश, प्रदीप यादव, अनुराग यादव, सुधीर कुमार शामिल रहे।