कासगंज के ग्राम लुहर्रा का फुंका ट्रांसफार्मर
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सोरों विकास खंड क्षेत्र के गांव लोहर्रा में विद्युत विभाग की लापरवाही से सैकड़ों बीघा फसलें चौपट होने की कगार पर पहुंच गई हैं। नलकूपों का भार अधिक होने के कारण गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया है। जिससे किसान परेशान हैं। किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही व मनमानी का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है।
गांव लोहर्रा में एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जिसकी क्षमता 64 हार्स पावर हैं। जबकि इस ट्रांसफार्मर से 10 नलकूपों को कनेक्शन दिया है। नलकूपों का भार एक साथ यह ट्रासंफार्मर नहीं सह सकता। कई बार यह ट्रांसफार्मर फुंक चुका है। गांव में 100 हार्स पावर ट्रांसफार्मर की जरूरत है। भार अधिक होने के कारण यह ट्रांसफार्मर फुंक चुका है।
कई दिनों से ट्रांसफार्मर फुंका है, जिससे नलकूप नहीं चल पा रहे हैं और फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी बिजली विभाग के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे किसानों में आक्रोश बना हुआ है। किसानों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। अब आंदोलन करना जरूरी है।
गेंहू व जौं को है सिंचाई की जरूरत
कासगंज। इन दिनों गेहूं व जौं की फसलें प्राथमिक अवस्था में हैं। यूरिया की टॉप ड्रेसिंग के साथ ही सिंचाई की जरूरत है। लेकिन ट्रांसफार्मर फुक जाने से क्षेत्र के सभी नलकूप बंद हो गए हैं। जिससे फसलो की सिंचाई नहीं हो पा रही है। क्षेत्र में फसलों की सिंचाई का कोई विकल्प भी नहीं है।