सहावर। तहसील स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में बीते तीन दिनों से ऑनलाइन बैनामा प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है। इससे बैनामा कराने आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी दर्जनों लोग सुबह से ही कार्यालय पहुंचे, लेकिन वेबसाइट न चलने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ा। बुधवार से वेबसाइट में तकनीकी खराबी के चलते सर्वर डाउन हो गया है। तीन दिन बीतने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। इससे लोग घंटों इंतजार के बाद भी बिना काम कराए वापस लौटने को मजबूर हैं।
बैनामा कराने आए किसान राजकुमार ने बताया कि अधिकारी और कर्मचारी सिर्फ यही कह रहे हैं कि तकनीकी खराबी ऊपर से है, जल्द ठीक हो जाएगी। लेकिन तीन दिन बीतने के बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ। उप निबंधक सूरज प्रताप ने बताया कि बैनामों की ऑनलाइन कॉपी हमारे कार्यालय तक नहीं पहुंच रही है, जिसके कारण दिनभर में सिर्फ तीन से चार बैनामे ही हो पा रहे हैं।