टूंडला (फिरोजाबाद)। कैफियत एक्सप्रेस में पांच लाख रुपये और मोबाइल रखा एक महिला यात्री का बैग चोरी हो गया। महिला दिल्ली में कोचिंग कर रहे बच्चों की फीस जमा करने जा रही थी। महिला यात्री ने टूंडला में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। महिला यात्री ने गाजियाबाद जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुलंदशहर के डिबाई निवासी शेफाली शर्मा हाल निवासी लखनऊ बुधवार मध्यरात्रि लखनऊ से दिल्ली जाने के लिए कैफियत एक्सप्रेस में सवार हुई थी। ट्रेन के रिजर्व कोच में नींद आने पर वह सो गई। गुरुवार अलसुबह इटावा के निकट पहुंचने पर उसकी आंख खुली तो उनका पर्स गायब था। पर्स गायब देख उसके होश उड़ गए। पर्स में उसके पांच लाख रुपये व मोबाइल रखा था। महिला यात्री ने सहयात्रियों से पर्स के बारे में पूछा, किंतु उसके पर्स का कोई पता नहीं चला।
महिला यात्री का आरोप है कि ट्रेन के टूंडला स्टेशन पर रुकने पर उसने जीआरपी में शिकायत की और रिपोर्ट दर्ज करने को कहा लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने गाजियाबाद पहुंचकर गाजियाबाद जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला यात्री के मुताबिक उसके बच्चे गाजियाबाद में कोचिंग कर रहे हैं। वह उनकी फीस जमा करने के लिए जा रही थी। जीआरपी टूंडला प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि उनके पास न तो किसी महिला ने पर्स चोरी होने की शिकायत की और न ही कोई सूचना मिली। अगर तहरीर मिलती तो निल पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना संबंधित थाने भेज दी जाती।