कासगंज से यात्रा करने वाले यात्रीगण कृपया ध्यान दें इस स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनें प्रतिदिन प्रभावित हो रहीं हैं। दिन की ट्रेनें रात में दौड़ रहीं हैं तो रात की ट्रेनें दिन में गुजर रहीं हैं। कोहरे ने रेल यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है।
कोहरे से यातायात पूरी तरह प्रभावित है। सड़क मार्ग पर वाहनों की गति सीमित है तो दृश्यता प्रभावित हो जाने के कारण ट्रेन के लोको पायलट भी ट्रेनों को रफ्तार नहीं दे पा रहे। जिसका सीधा प्रभाव समय सारिणी पर पड़ रहा है।
कई ट्रेनें जो कासगंज स्टेशन से दिन में गुजरती हैं वह रात में पहुंच रहीं हैं और जो ट्रेनें रात को गुजरतीं हैं वह दिन में पहुंच रहीं हैं। सभी ट्रेनों का समय प्रभावित है। आगरा फोर्ट से चलकर रामनगर को जाने वाली ट्रेन संख्या 15055 शाम 4:45 बजे कासगंज पहुंचती है यह ट्रेन शाम ढले छह बजे के बाद कासगंज पहुंची।