कासगंज। कोरोना संक्रमण के कारण थमे रेल के चक्के धीमे-धीमे रफ्तार भरने लगे हैं। अब तक साप्ताहिक और त्रिसाप्ताहिक ट्रेनें चलाई जा रहीं थीं लेकिन अब दैनिक यात्रियों को भी रेलवे ने बड़ी सहूलियत दी है। कासगंज-कानपुर ट्रैक पर आज से दो जोड़ी दैनिक विशेष स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। इन अपडाउन ट्रेनों का संचालन 31 जनवरी तक के लिए प्रस्तावित किया गया।
अनलॉक में रेलवे ने धीमे-धीमे वाया कासगंज ट्रेनों का संचालन शुरू किया। 5 अपडाउन ट्रेनें वाया कासगंज-बांद्रा, कानपुर, बरेली की ओर दौड़ रही हैं, लेकिन यह ट्रेनें साप्ताहिक एवं त्रिसाप्ताहिक हैं। इन ट्रेनों का ठहराव छोटे स्टेशनों पर नहीं था जिससे यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा था। रेलवे ने अब कानपुर से कासगंज ट्रैक पर सहूलियत भरे सफर के लिए दो जोड़ी दैनिक स्पेशल ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। अपडाउन ट्रेन संख्या 05039/05040 एवं 05038/05037 प्रतिदिन कासगंज से कानपुर के बीच दौड़ेगी। रेलवे ने ट्रेनों के संचालन की पूरी तैयारियां कर ली हैं। यह ट्रेनें कासगंज-कानपुर के बीच सभी मुख्य स्टेशनों पर रुकेंगी। इन ट्रेनों में सिर्फ आरक्षित टिकट लेकर ही यात्री यात्रा कर सकेंगे।