आगरा में रेलवे बोर्ड चेयरमैन के दौरे से पहले कैंट स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। यह देख रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि घटना उस वक्त हुई जब ट्रेन को यार्ड में ले जाया जा रहा था। इससे ट्रैक प्रभावित नहीं हुआ।
बता दें कि रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्वनी लोहानी का का रविवार को आगरा में दौरा प्रस्तावित है। आगरा कैंट स्टेशन पर साफ-सफाई सहित सारे काम दुरुस्त किए जा रहे हैं। रेलवे अधिकारी भी हर गतिविधि को लेकर चौकन्ने हैं।
शनिवार को आगरा से ग्वालियर जाने वाली पैसेंजर गाड़ी को ग्वालियर जाने से पहले सुबह लगभग साढ़े पांच बजे चालक यार्ड की ओर ले जा रहा था। इसी दरम्यान गाड़ी का पिछला कोच पटरी से उतर गया। डिरेलमेंट होने पर रेल कर्मियों के हाथ पैर फूल गए। घटना की जानकारी पर कैंट स्टेशन पर खड़ी दुर्घटना राहत ट्रेन मौके पर पहुंच गई।
रविवार को रेलवे बोर्ड के चेयरमैन के दौरे की तैयारियां में जुटे अफसरों को हादसे की खबर मिली तो उनमें हड़कंप मच गया। एडीआरएम दिलीप कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम रश्मि बघेल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्पश्चात इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने काम शुरू कर दिया।