टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर रेलखंड के रेलट्रैक पर राजधानी एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनों से पशु कट गए। इसके चलते ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गईं। इस दौरान चार राजधानियों सहित 12 ट्रेनें लेट हुईं।
हावड़ा से नईदिल्ली जाने वाली 12301 हावड़ा- नईदिल्ली राजधानी एक्सप्रेस बुधवार सुबह सात बजे करीब कौरारा-शिकोहाबाद रेलवे स्टेेशनों के बीच पहुंची तभी अचानक रेलट्रैक पर सांड़ आ गया जिससे रेल इंजन उससे टकरा गया। सांड़ के चिथड़े उड़ गए। रेल चालक ने इंजन में फंसे मांस के लोथड़ों को निकालते हुए ट्रेन को चलाया। इस दौरान 10 मिनट राजधानी खड़ी रही।
मंगलवार देर रात 2.08 बजे गया से नईदिल्ली जाने वाली महाबोधि एक्सप्रेस अछल्दा-सामो के बीच पहुंची तभी जानवर रेल इंजन से टकरा गया। इसके चलते रेल इंजन का काउ कैचर क्षतिग्रस्त हो गया। रेल चालक ने घटना की जानकारी तत्काल टूंडला नियंत्रण कक्ष को दी। नियंत्रण कक्ष ने पीछे ही आ रहीं अन्य ट्रेनों को रोक दिया। रेल चालक ने क्षतिग्रस्त हुए काउकैचर को सही कर एवं मांस के लोथड़ों को हटाते हुए ट्रेन को चलाया।
तीसरी घटना मंगलवार रात साढे आठ बजे करीब की है। 12570 गरीब रथ एक्सप्रेस हिरनगांव-फिरोजाबाद के बीच पहुंची तभी ट्रेन के इंजन से सांड़ टकरा गया। इसके चलते यह ट्रेन बीच ट्रैक पर खड़ी हो गई। रेल चालक ने नियंत्रण कक्ष को अवगत कराते हुए सांड को रेल ट्रैक से हटाया। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका। इस दौरान डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सियालदा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-नईदिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, मूरी एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित रहीं।