दिल्ली से रांची चावल लेकर जा रहा ट्रेलर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए पलट गया। हादसे को देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने ट्रेलर के चालक-परिचालक को बमुश्किल बाहर निकाला।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से रांची चावल लेकर जा रहा एक ट्रेलरअनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक और परिचालक सुरक्षित रहे।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह ट्रेलर चालक प्रकाश राणा पुत्र सुधीर राणा, निवासी सोहहारी, थाना चौकारण, जिला हजारीबाग झारखंड दिल्ली से चावल लेकर रांची की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रेलर फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 31 पर पहुँचा तो चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे पलट गया।
हादसे की सूचना पर लुहारी चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। ट्रेलर में फंसे चालक और परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।