वाटरवर्क्स चौराहा के पास गंगाजल पाइप लाइन के लिए खोदा गया गड्ढा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में गंगाजल प्रोजेक्ट के तहत जीवनी मंडी वाटरवर्क्स तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन डालने और उन्हें जोड़ने का काम शनिवार से शुरू हो गया है। इसके चलते जीवनी मंडी चौराहे से लंगड़े की चौकी तक के सर्विस रोड पर ट्रैफिक बंद कर दिया गया है। एक महीने तक पाइप लाइन का काम चलेगा, जिसके लिए सर्विस रोड पर रूट डायवर्जन किया गया है।
2800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में जीवनी मंडी वाटर वर्क्स तक गंगाजल पहुंचाने के लिए 1600 मिमी व्यास के पाइप डाले जा रहे हैं। सिकंदरा से आई पाइप लाइन वाटरवर्क्स फ्लाई ओवर के नीचे रुकी है। लंगड़े की चौकी से जीवनी मंडी के बीच सर्विस लेन पर पिट बनाने का काम किया जाएगा, जिसे ट्रेंचलेस विधि से पाइप डालने के बाद इन्हें जोड़ा जाएगा।
एक महीने तक चलने वाले कनेक्शन के काम के कारण सर्विस रोड पर पूरी तरह से ट्रैफिक बंद रहेगा। इससे बल्केश्वर से विजय नगर की ओर जाने वाले और लंगड़े की चौकी से रामबाग की ओर जाने वालों को दो किमी तक की दूरी ज्यादा तय करनी होगी।