होली पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगरा में सख्त ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। बाजारों में बैरियर, नो एंट्री और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
होली का त्योहार को लेकर यातायात पुलिस ने भी कमर कस ली है। लोगों को जाम की समस्या से बचाने के लिए यातायात प्लान बनाया गया है। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि होली पर बाजारों में यातायात पुलिस तैनात रहेगी। तय पार्किंग में दो और चार पहिया वाहन खड़े कराए जाएंगे।
विज्ञापन
एमजी रोड और हाईवे पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे दीवानी, हरीपर्वत, सेंट जोंस, राजामंडी और कलेक्ट्रेट पर सबसे अधिक समस्या है। वहीं एमजी रोड पर आईएसबीटी से गुरु का ताल तक वाहनों की कतार लग रही है। होली पर शहर के प्रमुख बाजार, शाहगंज, लोहामंडी, सुभाष बाजार, बोदला, किनारी बाजार, फव्वारा बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि बाजारों में एंट्री पाॅइंट पर बैरियर लगाए जाएंगे। व्यापारियों से भी वार्ता की गई है। उनसे कहा गया है कि वह दिन के समय माल नहीं मंगाएं। शाहगंज बाजार में चार और तीन पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को कोठी मीना बाजार, पंचकुइयां और तहसील होकर निकाला जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के साथ ही थाना पुलिस को भी लगाया गया है। जाम की समस्या होने पर थाना पुलिस की टीम को बुलाया जाएगा।
विज्ञापन
बैरियर लगाकर होगी चेकिंग
होली पर यातायात नियमों के पालन के लिए बैरियर लगाकर पुलिस चेकिंग करेगी। दो पहिया वाहन पर तीन सवारी और बिना हेलमेट चलने पर वाहनों को सीज कर दिया जाएगा। चालान की भी कार्रवाई की जाएगी। तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्ती होगी। पुलिसकर्मी अपने साथ ब्रीथ एनालाइजर भी रखेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। वाहन को सीज कर दिया जाएगा।