शहर में गलत तरीके से एक्टिवा का चालान कटने का एक और मामला सामने आया है। एक महिला का कहना है कि वह अपनी ग्रे रंग की एक्टिवा को चलाती नहीं हैं। मगर, उनके घर एक के बाद एक पांच चालान पहुंच गए हैं।
इनमें भी फोटो चालान और ई-चालान में दिखने वाली एक्टिवा सफेद रंग की है। पीड़ित महिला ने क्षेत्राधिकारी यातायात के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
ईदगाह कटघर निवासी बबीता पत्नी वासुदेव के नाम पर एक ग्रे रंग की एक्टिवा है। बबीता ने बताया कि उनके पति एक्टिवा चलाते थे। दो साल पहले पति की मौत हो गई। तब से एक्टिवा खड़ी है। पिछले दिनों एक-एक करके उनके पास पांच चालान आए। इनमें चार फोटो और एक ई चालान था।
चालान
- फोटो : अमर उजाला
बबीता का कहना है कि फोटो में दिख रही एक्टिवा सफेद रंग की है, जबकि उनकी एक्टिवा ग्रे रंग की है। इतना ही नहीं एक्टिवा को कोई महिला भी नहीं चला रही है। उनकी एक्टिवा के नंबर को कोई व्यक्ति अपने वाहन पर लगाकर गलत तरीके से चला रहा है।
बबीता ने क्षेत्राधिकारी यातायात के कार्यालय में शिकायत की है। सीओ यातायात अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
एक साल में चार जगह काटे गए हैं चालान
इनमें एक फोटो चालान नौबस्ता में 23 अगस्त 2018 को 100 रुपये शमन शुल्क का बिना हेलमेट पर काटा गया है। इसी जगह पर 24 अगस्त 2018 को 300 रुपये शमन शुल्क लगाकर चालान काटा है।
20 सितंबर 2018 को 300 रुपये का बिना हेलमेट पर चालान काटा है। 21 जून को कारगिल चौराहा पर बिना हेलमेट और गलत तरीके से नंबर प्लेट लगे होने का ई-चालान काटा गया है।
इसमें शमन शुल्क 3300 रुपये जमा करना है। इसी तरह 26 जुलाई को एक फोटो चालान बिना हेलमेट और मोबाइल पर बात करते हुए दो पहिया वाहन चलाने का 1500 रुपये शमन शुल्क लगाया गया है।
शहर में लगातार मामले आ रहे सामने
शहर में दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहनों के गलत तरीके से चालान काटे जाने के कई मामले सामने आ रहे हैं। एक्टिवा के नंबर का गलत इस्तेमाल करने के दस से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इनमें पुलिस ने चालान तक निरस्त किए थे।