आगरा। शहर में जाम की समस्या का निदान नहीं निकल रहा है। हाईवे पर अबुल उलाह कट ही नहीं, रामबाग पर भी बसों के अवैध तरीके से ठहराव और ऑटो के खड़े होने से वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है। शुक्रवार को दोपहर में ऑटो-बसों के ठहराव से एक घंटे तक वाहन रेंग-रेंगकर चले। हालत यह हो गई कि एंबुलेंस को भी 20 मिनट तक रास्ता नहीं मिला। वह सायरन बजाती रही। इसके अलावा मदिया कटरा से देहली गेट की तरफ जाने वाले रास्ते पर हास्पिटल और दुकानों के बाहर गाड़ियों की पार्किंग से समस्या रही।
हाईवे पर आईएसबीटी से सिकंदरा तक मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए बैरिकेडिंग की गई है। इस कारण रोजाना जाम लगता है। भगवान टाकीज फ्लाईओवर से आगे अबुल उलाह कट पर रोडवेज बसों के यात्रियों को बैठाने के लिए रोकने की वजह से समस्या होती है। यही हाल रामबाग फ्लाईओवर का भी है। पिछले दिनों यातायात निरीक्षक ने तीन बसों को सीज किया था। इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे हैं। शुक्रवार दोपहर दो बजे ऑटो और बसों के ठहराव से एक घंटे तक जाम की समस्या रही। दोपहर में 1 से 3 बजे तक मदिया कटरा से देहली गेट की तरफ आने वाले रास्ते पर भी यही स्थिति रही। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि चाैराहों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जा रही है। आटो की पार्किंग चाैराहों से 50 मीटर दूर कराने के लिए बोला गया है। नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।