फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आफत: भैया दूज पर सात घंटे जाम से जूझी ताजनगरी, आधा घंटे में तय हुई पांच सौ मीटर की दूरी

Tue, 17 Nov 2020 08:51 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला,आगरा
विज्ञापन
हरीपर्वत चौराहे पर लगा जाम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भैया दूज पर सोमवार को यातायात पुलिस के इंतजाम फेल साबित हुए। शहर में जगह-जगह जाम ने लोगों को परेशान किया। (महात्मा गांधी) एमजी रोड से लेकर हाईवे तक पर सुबह दस बजे से शाम सात बजे तक वाहन फंसे रहे। अंदरूनी इलाकों के साथ ही फतेहाबाद मार्ग पर भी वाहनों की लाइन लगी रही। यातायात पुलिस के साथ ही थाना पुलिस को भी लगाया गया। लोगों को एक किलोमीटर की दूरी तय करने में आधा घंटा तक लग गया।
विज्ञापन


कोठी मीना बाजार मार्ग पर रेलवे के पुल पर निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण वाहनों को पंचकुइयां से राजकीय इंटर कॉलेज और तहसील मार्ग से शाहगंज बाजार होते हुए निकाला जा रहा है। भैया दूज पर वाहनों का दबाव अधिक होने की वजह से शाहगंज में जाम के हालात रहे।

यहां पर सुबह दस बजे से ही वाहनों की लाइन लगने लगी। यही हाल बोदला चौराहे का भी रहा। यहां पर ऑटो भी खड़े हो रहे थे। सुबह दस बजे से ही शाम पांच बजे तक वाहनों की लाइन लगी रही। यहां यातायात पुलिस के साथ थाना पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

गुरु का ताल पर रेंगते रहे वाहन
हाईवे पर सिकंदरा और गुरुद्वारा गुरु का ताल पर ऑटो खड़े होने से वाहन रेंगते नजर आए। यहां पर बहनें अपने भाइयों के घर जाने के लिए वाहनों का इंतजार कर रही थीं। इस कारण भी वाहन रुक रहे थे। एमजी रोड पर वाहनों का दबाव अधिक होने की वजह से ट्रैफिक रेंग-रेंग कर चला। यातायात पुलिस के भी वाहनों को निकालने में पसीने छूट गए।

पुरानी मंडी में डायवर्जन
पुरानी मंडी पर भी पाइप लाइन डालने की वजह से डायवर्जन किया गया है। आगरा किला की ओर जाने वाले वाहनों को फूल सैय्यद से बालूगंज होते हुए निकाला जा रहा है। इस कारण यहां पर वाहनों का दबाव रहा। पर्यटकों के वाहन भी निकल रहे थे। इससे वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। यहां एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। शहर में सात घंटे तक जाम की समस्या रही।

नहीं था कोई प्लान
यातायात पुलिस ने शाहगंज में वाहनों को निकालने के लिए वनवे व्यवस्था की थी। मगर, इस पर अमल नहीं कराया जा सका। इस कारण वाहन दोनों तरफ से निकल रहे थे। इसके अलावा बोदला, एमजी रोड, हाईवे पर अतिक्रमण और ऑटो की पार्किंग रोकने का कोई इंतजाम नहीं था। इससे जाम लगा। फतेहाबाद मार्ग पर डायवर्जन के दौरान वाहनों को निकालने के लिए कोई प्लान नहीं बनाया गया।

वाहनों का दबाव अधिक
एसपी यातायात प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अतिरिक्त फोर्स भी थी। वाहनों का दबाव अधिक होने की वजह से कुछ चौराहों पर जाम की समस्या थी। उसे कुछ देर में दूर कर लिया गया। कई रास्तों पर गलत दिशा से वाहन निकलने की वजह से दिक्कत हुई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें