उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उपनिरीक्षक (एसआई) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए रविवार को भी 28 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। सुबह की पाली में प्रवेश के दौरान भीड़ नहीं थी, लेकिन दोपहर 12 बजे परीक्षा खत्म होने पर एमजी रोड समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाम लग गया। कई परीक्षार्थी बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों तक पैदल चलकर पहुंचे।
परीक्षार्थियों के वाहन और सवारी वाहनों की कमी की वजह से केंद्रों पर भीड़ एकत्रित हो गई थी। एसएन मेडिकल कॉलेज तिराहा से पंचकुइयां, सुभाष पार्क तिराहा तक वाहनों की कतार लग गई। कई एंबुलेंस जाम में फंस गईं। सेंट जोंस चौराहे से हरीपर्वत तक जाम लग गया। इससे मदिया कटरा, लोहामंडी रोड पर भी वाहन रेंग-रेंगकर चले।
गर्मी से लोग बेहाल नजर आए। पंचकुइयां चौराहे पर जीआईसी से निकली परीक्षार्थियों की भीड़ से सुभाष पार्क रोड, तहसील रोड और शाहगंज व कोठी मीना बाजार रोड पर हालात खराब हो गए। यातायात पुलिस को हालात सामान्य करने में एक घंटे से अधिक समय लगा।
एमजी रोड पर ऑटो प्रतिबंधित है। परीक्षा छूटने के बाद जाम से केंद्रों के पास बसेें भी नहीं मिल रही थीं। परीक्षार्थी और उनके साथ आए परिजन सवारी वाहनों की तलाश में काफी देर खड़े रहे। अन्य साधनों से भगवान टॉकीज चौराहे पहुंचे। भीड़ बढ़ने पर भगवान टाॅकीज फ्लाईओवर के नीचे भी जाम लग गया। आईएसबीटी के बाहर बसों के रुकने से हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई।