पुलिस ने शब-ए-बरात के मद्देनजर बुधवार शाम से यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन के संबंध में एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि को शब-ए-बरात के मद्देनजर आगरा में यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
शब-ए-बारात को लेकर आगरा में तीन और चार फरवरी 2026 को यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। मुस्लिम समुदाय द्वारा मनाए जाने वाले इस धार्मिक पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन और नो-एंट्री लागू करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन
03 फरवरी को शाम 4 बजे से 04 फरवरी को जुलूस समाप्ति तक आगरा शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही सेंट जोंस चौराहा से कलेक्ट्रेट तिराहा, पंचकुइयां से सुभाष पार्क तिराहा और नालबंद से पंचकुइयां चौराहा तक सभी प्रकार के दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इन मार्गों पर केवल पैदल आवाजाही की अनुमति होगी।
शब-ए-बारात के जुलूसों को सुरक्षित रूप से निकलवाने के लिए नेशनल हाईवे-19 पर यातायात बेहद धीमी गति से संचालित किया जाएगा। अबुलउल्ला दरगाह क्षेत्र में जिग-जैग बैरियर लगाकर जरूरत पड़ने पर वाहनों को पूरी तरह रोका जाएगा।
विज्ञापन
रोहता नहर, मलपुरा नहर, पथौली नहर, रामबाग, वाटर वर्क्स, भगवान टॉकीज, खंदारी, सिकंदरा, बोदला, एत्माद्दौला समेत आगरा के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में पहले से जारी सभी नो-एंट्री पास और परमिट निरस्त रहेंगे और रात 11 बजे खुलने वाली नो-एंट्री भी नहीं खोली जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।