आगरा के थाना सदर क्षेत्र में रविवार रात घर के बाहर से लापता हुई 36 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह घर से 50 मीटर की दूरी पर बाजार की सीढि़यों पर खून से लथपथ शव मिला। मृतका के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इससे दुष्कर्म की आशंका जताई गई है। घटना का पता चलने पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीसीटीवी कैमरों में महिला के साथ आखिरी बार मोहल्ले का ही एक युवक दिखाई दिया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों के बीच बातचीत भी होती थी।
सदर क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी 18 साल पहले फर्रुखाबाद के फैक्टरी कर्मचारी के साथ हुई थी। 10 साल पहले पति से विवाद होने पर महिला मायके आ गई। वह अपनी 16 साल की बेटी और बेटे के साथ रह रही थी। महिला घर में ही जूते की हील बनाने का काम करती थी। मृतका की मां ने बताया कि बेटी रात नाै बजे घर के बाहर अलाव ताप रही थी। वहीं से लापता हो गई। कुछ देर बाद बेटी ने आसपास देखा, लेकिन वो नजर नहीं आई। उसे लगा कि किसी परिचित के घर गई हैं तो वह सोने चली गई।
सोमवार सुबह घर से 50 मीटर की दूरी पर स्थित बाजार की सीढि़यों से लोगों ने खून बहता देखा। सीढि़यों का दरवाजा खोला तो महिला का शव पड़ा था। उनके सिर पर चोट का निशान था। कुछ देर में मृतका की बेटी, बेटा और मां भी पहुंच गईं। सूचना पर डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास और एसीपी इमरान अहमद फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। डीसीपी सिटी ने बताया कि एक संदिग्ध युवक को पकड़ा है। वह शादीशुदा है। उससे पूछताछ की जा रही है। आखिरी बार वही महिला के साथ देखा गया था। वह कारपेंटर है। अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।
युवक बोला, सीढि़यों से गिर गई
प्राथमिक पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया है कि महिला की हत्या नहीं हुई है। वह सीढि़यों से गिर गई थी। खून निकलने पर वो डर गया। इस कारण भाग गया। पुलिस का मानना है कि वह बचने के लिए झूठ बोल रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बिलखते रहे बच्चे
मां की हत्या के बाद बेटे-बेटी और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पति से अलग होने के बाद महिला जूते की हील बनाकर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। बेटी ने कहा कि अब उनका कोई सहारा नहीं है। पिता पहले ही अलग रह रहे हैं। परिजन ने उन्हें संभाला।