मैनपुरी। त्योहारी सीजन में बाजार में जाम रोकने के लिए पुलिस ने शनिवार को कवायद की। पुलिस ने बाजार में पहुंचकर दुकानों के सामने खड़े किए गए वाहन हटवाए। हथठेल वालों को एक जगह खड़े नहीं होने की हिदायत दी।
शनिवार को बाजारों में खरीदारी करने के लिए पहुंचे लोगों ने दुकानों के सामने वाहन आड़े तिरछे तरीके से खड़े कर दिए। इसकी वजह से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी होने पर कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मी बाजार में पहुंच गए। पुलिस ने सदर बाजार, बजाजा बाजार, लैनगंज, करहल रोड पर दुकानों के सामने खड़े वाहनों को हटवा दिया। दुकानदारों को चेतावनी दी जिस दुकान के बाहर सड़क पर वाहन खड़े मिलेंगे। उन दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानों के सामने वाहन खड़े किए जाने से बाजार में जाम लगता है। नगर पालिका भी जाम रोकने के लिए अभियान चलाएगी। दुकान के सामने अतिक्रमण मिलने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - लालचंद्र भारती, अधिशासी अधिकारी