व्यापारी दो दिन में अतिक्रमण खुद हटा लें
किशनी। बाजार में अतिक्रमण की समस्या के निदान के लिए व्यापार मंडल अध्यक्ष ने खुद ही समस्या के समाधान का बीड़ा उठाया है। अध्यक्ष ने बाजार में सभी व्यापारियों से अतिक्रमण को दो दिन में हटाने को कहा है।
बाजार में अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या रोजाना बनती है। जाम में सर्वाधिक परेशान स्कूली बच्चे होते हैं। एक व्यापारी द्वारा अपने पड़ोसी व्यापारी की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुधीर गुप्ता और व्यापार प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष सभासद राहुल गुप्ता मंगलवार को बाजार पहुंचे। व्यापारियों से कहा कि दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण खुद ही हटा लें। दो दिन बाद बाजार का निरीक्षण कर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को चिन्हित कर प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि व्यापारी खुद अतिक्रमण हटा लें। दो दिन बाद एसडीएम और नगर पालिका की टीम के साथ चालान की कार्रवाई शुरू की जाएगी।