मेट्रो के लिए सुरंग में पटरी बेचने का हुआ कार्य
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने पहले कॉरिडोर में डाउनलाइन की पटरी बिछाने का कार्य तेज कर दिया। अपलाइन पर पटरी बिछाई जा चुकी है। मार्च में हाईस्पीड ट्रायल शुरू हो जाएंगे और अप्रैल से आईएसबीटी तक मेट्रो चलने लगेगी।
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि मन:कामेश्वर से आईएसबीटी तक अप और डाउन पर करीब 12 किमी ट्रैक बिछाया जा रहा है। इसमें एक ओर की लेन बिछ गई है। डाउनलाइन में 600 मीटर ट्रैक बिछाने का कार्य बाकी है। थर्ड रेल, सिग्नलिंग, लाइटिंग समेत अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। मार्च में ये सभी कार्य पूरे हो जाएंगे और मेट्रो ट्रेन का 90 किमी प्रतिघंटे की गति से ट्रायल किया जाएगा। अभी अपलाइन पर 5-10 किमी प्रति घंटे की गति से मन:कामेश्वर से आईएसबीटी तक ट्रायल हुआ है। हेड हार्डेंड पटरी का उपयोग किया जा रहा है, जो बेहद मजबूत और घिसती कम हैं। चटकने की समस्या भी नहीं होती है।
होली पर ढाई बजे से रात 10 बजे तक चलेगी मेट्रो
- यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक ने बताया कि होली के दिन चार मार्च को मेट्रो ट्रेन के समय में बदलाव किया है। इस दिन दोपहर ढाई बजे से रात 10 बजे तक मेट्रो का संचालन होगा। अन्य दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह छह बजे से होता है। अगले दिन से समय यथावत रहेगा।