आगरा में गर्मी ने पर्यटकों को बेहाल कर दिया है। ताजमहल पर सोमवार को कई पर्यटकों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ।
ताजमहल पर सोमवार को भीषण गर्मी और उमस पर्यटकों की सेहत पर भारी पड़ी। परिसर में चिलचिलाती धूप के कारण कई पर्यटकों की हालत बिगड़ गई, जिन्हें ताजमहल स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पर प्राथमिक उपचार देना पड़ा।
विज्ञापन
गर्मी की चपेट में आने से नेपाल की अनीता कुमारी और तारा कुमारी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। दिल्ली के मुजाहिद अली चक्कर खाकर गिर पड़े। केरल से आईं शाईना एमए को उल्टियां और तमिलनाडु की आर वैष्णवी को तेज बुखार आने पर सभी पर्यटकों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ओआरएस का घोल और आवश्यक दवाएं दी। प्राथमिक उपचार मिलने के बाद पर्यटकों की स्थिति में सुधार हुआ। डॉक्टरों ने पर्यटकों को धूप से बचने और अधिक मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है।