नगर निगम का अभियान केवल चांदनी चौक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कोठी मीना बाजार से लोहा मंडी थाने तक सड़क किनारे लगे अवैध ठेल-धकेल और काउंटरों को भी हटाया गया। इस दाैरान निगम की टीम ने जुर्माना भी वसूला।
आगरा के बल्केश्वर स्थित चांदनी चौक मार्केट में सोमवार को नगर निगम का बुलडोजर चलते ही खलबली मच गई। शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए निगम ने व्यापक अभियान चलाया। टीम को देखते ही कार्रवाई के डर से कई दुकानदार दुकानों के शटर गिराकर मौके से भाग खड़े हुए।
विज्ञापन
नगर निगम की टास्क फोर्स ने फुटपाथ पर अवैध रूप से लगी बांस-बल्लियों, टिनशेड और तिरपालों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा सड़क पर रखे तख्तों को भी जब्त किया गया। अभियान केवल चांदनी चौक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कोठी मीना बाजार से लोहा मंडी थाने तक सड़क किनारे लगे अवैध ठेल-धकेल और काउंटरों को भी हटाया गया।
एसएफआई रचना गुप्ता और अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान गंदगी फैलाने और मार्ग अवरुद्ध करने वाले एक दर्जन दुकानदारों से 7,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालियों और सड़कों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है। निगम ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।