पर्यटक को व्हीलचेयर पर बैठाकर ले जाते फोटोग्राफर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा बुधवार को प्रदेश का दूसरा गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण ताजमहल के पत्थर दहकते रहे, जिस वजह से गर्मी से परेशान महाराष्ट्र के पर्यटक की तबियत खराब हो गई। पर्यटक के परिजनों ने आरोप लगाया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के कर्मचारियों ने उनकी मदद नहीं की।
महाराष्ट्र से 50 पर्यटकों का दल बुधवार दोपहर ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचा। दोपहर में तेज धूप और गर्मी के कारण कोल्हापुर निवासी एमआर कांवडे और उनकी पत्नी शांताबाई परेशान हो गए। दोपहर 3.30 बजे एमआर कांवड़े की तबियत खराब हो गई और वह पाथवे पर पेड़ की छाया में बैठ गए। पसीने से तरबतर और घबराहट के शिकार कांवड़े को अस्पताल पहुंचाने के लिए उनकी पत्नी ने एएसआई कर्मचारियों से कहा, लेकिन उन्होंने ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने से इंकार कर दिया।
फोटोग्राफर एसोसिएशन ने की मदद
उसी दौरान वहां मौजूद पुरातत्व स्मारक फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वोत्तम सिंह ने परेशान महिला को देखा तो वह साथियों सहित वहां पहुंचे। उन्होंने पर्यटक को इलेक्ट्राल दिया और पर्यटक की हालत में सुधार होने के बाद व्हीलचेयर पर बैठाकर अपने साथियों के साथ रायल गेट तक लेकर आए। यहां मौजूद एएसआई के कर्मचारी ने पूर्वी गेट पार्किंग तक छोड़ा।