आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के होटल में एक पर्यटक गाइड को कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसके कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया। पीड़ित को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी कार चालक की तलाश जारी है।
घटना 11 फरवरी को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच की है। केदार नगर शाहगंज निवासी लाइसेंस प्राप्त यूपी टूरिस्ट गाइड रीतेश कुमार शुक्ला होटल के पोर्च में पर्यटकों का सामान कार से निकाल रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात कार चालक ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में रीतेश कुमार शुक्ला से घायल होकर अचेत हो गए। होश आने पर उन्होंने अपने परिजन को घटना की सूचना दी।
लगभग एक घंटे बाद परिजन उन्हें उपाध्याय अस्पताल ले गए, जहां एक्सरे में पैर और कूल्हे को जोड़ने वाली हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई और ऑपरेशन की सलाह दी गई। बाद में उन्हें शाहगंज स्थित साकेत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर ताजगंज ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और कार व चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं।