आगरा। नोएडा के जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण किया। इस एयरपोर्ट के शुरू होने से आगरा के पर्यटन और जूता-हस्तशिल्प उद्योग के उड़ान भरने की उम्मीद है। पर्यटन उद्यमियों का मानना है कि जेवर से दिल्ली जाने की जगह पर्यटक महज दो घंटे में सीधे आगरा आएंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण आगरा के पर्यटन, जूता, और मार्बल हस्तशिल्प उद्योग के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट से आगरा तक आने में करीब चार घंटे का समय लग जाता है। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद आगरा तक का सफर महज डेढ़ से दो घंटे रह जाएगा। आगरा में हर साल नौ लाख से ज्यादा विदेशी सैलानी आते हैं जो जेवर एयरपोर्ट से जल्दी आगरा आ सकेंगे। वापसी के लिए उन्हें दिल्ली जाकर रुकने की जरूरत नहीं होगी।
होटल बुकिंग, नाइट स्टे बढ़ेगा
जेवर एयरपोर्ट आगरा के लिए संजीवनी साबित होगा। दिल्ली के भारी ट्रैफिक से बचकर पर्यटक आसानी से सीधे आगरा आ सकेंगे, जिससे यहां होटलों की बुकिंग और नाइट स्टे में उछाल आएगा।
अमूल्य कक्कड़, अध्यक्ष, टूरिज्म गिल्ड
विदेशी खरीदार सीधे आगरा आएंगे
जेवर एयरपोर्ट से जूता निर्यात को नई उड़ान मिलेगी। विदेशी बायर्स (खरीदार) और निवेशक दिल्ली जाने की जगह सीधे आगरा आएंगे। कार्गाे सुविधा होने से आगरा के लेदर और जूता उद्योग को ग्लोबल मार्केट में और मजबूती मिलेगी।
पूरन डावर, अध्यक्ष, फुटवियर और चमड़ा उद्योग विकास परिषद
बढ़ेगा रोजगार
जेवर में एयरपोर्ट शुरू होने से आगरा में ट्रेवल एजेंसियों के साथ स्थानीय गाइड को रोजगार के और अवसर मिलेंगे। युवाओं के लिए यह बेहतर मौका है। देश और दुनिया के पर्यटक दिल्ली की जगह आगरा का रुख करेंगे। - शमशुद्दीन खान, अध्यक्ष, आगरा एप्रूव्ड गाइड एसोसिएशन
एक्सप्रेस-वे से केवल डेढ़ घंटे का सफर
जेवर एयरपोर्ट से आने-जाने में एक्सप्रेस-वे से डेढ़ घंटा लगेगा। इनर रिंग रोड से पर्यटक सीधे ताजमहल आ सकेंगे। इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होने के बाद आगरा का पर्यटन उद्योग तेजी से बढ़ेगा। राजीव सक्सेना, पूर्व अध्यक्ष, टूरिज्म गिल्ड
जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करते नोएडा जिला भाजपा प्रभारी
जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत करते नोएडा जिला भाजपा प्रभारी