आम जनता से बिल की वसूली के लिए टोरंट पावर इंतजार नहीं करती है। तुरंत ही बिजली काट दी जाती है। लेकिन नगर निगम कंपनी पर दरियादिली दिखा रहा है। टोरंट पावर से 382 करोड़ किराये की वसूली नहीं हो रही है।
टोरंट पावर आम जनता का बिजली का बिल बकाया होने पर दो महीने बाद कनेक्शन काट देती है। मगर, निगम टोरंट कंपनी पर दरियादिली दिखा रहा है। करोड़ों बकाया है लेकिन वसूली कंपनी से नहीं की जा रही है, जबकि हर बार वसूली पर सदन में चर्चा होती है। नगर निगम सदन में टोरेंट से वसूली के मुद्दे पर पार्षदों ने ये बातें कहीं।
विज्ञापन
पार्षद हेमंत प्रजापति ने सवाल उठाया कि जब टोरंट पावर से किराये की वसूली नहीं हो पा रही है तो सदन में हर बार लक्ष्य रखा क्यों जाता है। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि लगातार शासन से पत्राचार किया जा रहा है। टोरंट पर ब्याज सहित 382 करोड़ का बकाया है। इसे वसूल किया जाएगा। पार्षद सुहेल कुरैशी ने कहा कि शहरभर में वेंडिंग जोन दो साल पहले बन चुके हैं। मगर, एक का भी आवंटन नहीं हुआ।
नगरायुक्त ने कहा कि जल्द ही लॉटरी प्रक्रिया से दुकानों का आवंटन होगा। छावनी से भाजपा विधायक डाॅ. जीएस धर्मेश ने बजट अधिवेशन में घरों के आगे रैंप बनाकर अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के लिए कहा। मेयर को एक प्रस्ताव देकर ताजगंज में नगर निगम की ओर से बंद की गई डिस्पेंसरी को चालू करने की मांग की गई। पार्षद रवि माथुर ने कहा कि नगर निगम कुत्तों और बंदरों का बधियाकरण करा रहा है। इसके लिए सर्जरी की जा रही है। मगर, कुत्तों और बंदरों पर असर कम हो रहा है। आबादी घटने के बजाय बढ़ रही है। वार्ड 53 ट्रांस यमुना काॅलोनी के पार्षद प्रकाश केशवानी उर्फ शेरा ने एक राष्ट्र-एक चुनाव पर सरकार की सराहना की।
इन पर भी चर्चा
- एक बार हटाने बाद में अतिक्रमण होने पर थाना पुलिस को जिम्मेदार माना जाए।
- दुकानदारों के अतिक्रमण पर कार्रवाई हो। नोटिस के नाम पर खानपूर्ति की जाती है।
- यूजर चार्ज की वसूली के लिए टीम जाए तो वार्ड के पार्षद से भी मिले। प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।
- वेस्ट टू एनर्जी के प्लांट को जल्द चालू कराया जाए।
निगम कर्मचारियों ने किया सदन के बाहर हंगामा
जिस समय सदन की कार्रवाई चल रही थी, उस समय निगम के कर्मचारी पहुंच गए। उन्होंने हंगामा कर दिया। इस पर निगम के प्रवर्तन दल ने कर्मचारियों को बाहर ही रोक लिया। बाद में अपर नगरायुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव ने बात की। कर्मचारियों का ज्ञापन भी लिया। विनोद इलाहाबादी ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया नहीं जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ाने के लिए हरी झंडी दिखा दी है। प्रदर्शन में श्याम कुमार कुरणेश, हरी बाबू वाल्मीकि, मोहन गुलजार, रेशम सिंह, राजकुमार विद्यार्थी, सुंदर बाबू चंचल, रंजीत सिंह नरवार, सनी चाैहान आदि शामिल रहे। ब्यूरो
पूर्व कर्मचारी को किया लहूलुहान
बुंदू कटरा निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह पूर्व में निगम में कार्यरत थे। मगर, किसी कारणवश नाैकरी छोड़ दी। अब वह किसी काम से आए थे। इस दाैरान पूर्व कर्मचारियों ने पकड़ लिया। पिटाई की, जिससे वो लहूलुहान हो गए।