आगरा। ग्वालियर हाईवे स्थित ककुआ और भांडई में विकसित हो रही अटलपुरम टाउनशिप के फेज-1 से 3 तक में रिक्त 462 भूखंडों की बुकिंग का सोमवार को अंतिम दिन है। ईडब्ल्यूएस, एलआईजी से सुपर एचआईजी तक विभिन्न श्रेणियों में 462 भूखंड हैं। भूखंड के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने 14 मई को फेज-1 से 3 तक में रिक्त भूखंडों की बुकिंग शुरू कराई थी। एडीए की वेबसाइट और जनहित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण किए जा रहे हैं। करीब 700 आवेदन विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त हुए हैं।
एडीए सचिव संजय कुमार ने बताया कि 15 जून के बाद पंजीकरण नहीं होंगे। फिर प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी। निरस्त आवेदनों की सूची चस्पा होगी। सूरसदन में लॉटरी से भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवासीय भूखंड की दर 29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। अटलपुरम टाउनशिप को पिछले साल सीएम योगी आदित्यनाथ ने लॉन्च किया था।