कासगंज। आज श्रावण मास का पहला सोमवार है। भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िये तीर्थनगरी के लहरा गंगाघाट से कांवड़ों में गंगाजल भरकर ले गए हैं। पिछले चार दिनों से लगातार कांवड़ियों की टोलियां निकल रही हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में कांवड़िये की टोलियां निकलीं। केसरिया रंग के कपड़े पर छपी भोलेनाथ की तस्वीरों के परिधान पहने कांवड़िये भोलेनाथ की महिमा का गायन करते हुए अटूट श्रद्धा के पथ पर तेजी से आगे बढ़ते जा रहे थे। समीपवर्ती इलाकों के कांवड़िये भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे जबकि दूरस्थ इलाके के कांवड़िये अगले सोमवार को अभिषेक करेंगे।
तीर्थनगरी सोरोंजी में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने से काफी रौनक रही। एक ओर कांवड़ भरने के लिए आने वाले कांवड़िये बाजारों में खरीदारी कर रहे थे। वहीं लहरा गंगाघाट पर राजस्थान, मध्यप्रदेश के अलावा आस पास के इलाके कांवड़िये अपनी कांवड़ सजाकर उसे भर रहे थे। कोई कलश कांवड़ भर रहा था तो कोई कांधे की कांवड़ तो कोई डाक कांवड़। लहरा से नदरई तक के मार्ग पर कांवड़िये की अनवरत टोलियां थीं। डाक कांवड़िये के साथी बाइक पर थे तो डाक कांवड़िये कांवड़ हाथ में लेकर दौड़ते नजर आ रहे थे। रविवार तक करीब 10 हजार कांवड़िये कांवड़ भरकर ले गए।