मैनपुरी। जिले की बैंकों और डाकघरों में सोमवार को कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इससे दोनों ही वित्तीय संस्थाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। दो दिवसीय हड़ताल के चलते लोगों को परेशानी होना तय है। बैंक कर्मचारी जहां शहर में बैंक शाखाओं के बाहर तो वहीं डाक कर्मचारी प्रधान डाकघर पर प्रदर्शन करेंगे।
अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ ने पूरे देश में दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। सोमवार और मंगलवार को ये हड़ताल होगी। इसके चलते सोमवार को भी बैंकों में कामकाज नहीं होगा। सभी कर्मचारी शहर के स्टेशन रोड स्थित इलाहाबाद बैंक के बाहर धरना देंगे। ऐसे में बैंक आने वाले लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ेगा। ये परेशानी मंगलवार को भी हड़ताल के चलते बनी रहेगी। वहीं दूसरी और डाक कर्मचारियों ने भी हड़ताल का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय डाक कर्मचारी संघ के आह्वान पर डाक कर्मचारी भी सोमवार से दो दिवसीय हड़ताल पर जा रहे हैं। सभी कर्मचारी डाकघरों में कोई काम नहीं करेंगे। वे जेल चौराहा स्थित प्रधान डाकघर पर धरना देंगे। इससे डाकघरों में भी लेनदेन नहीं हो सकेगा।