तंबाकू सेवन के चलते देश में 25 लाख से अधिक कैंसर रोगी हैं। इसमें हर साल करीब सात लाख की मौत हो जाती है। इन्हीं आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्यपाल राम नाईक ने धूम्रपान के खिलाफ जनआंदोलन में हर समाज की भागीदारी की जरूरत बताई और युवाओं को इससे दूर रहने की सीख दी। राज्यपाल होटल क्लार्क शिराज में रोटरी क्लब आफ आगरा ताज सिटी और आगरा कैंसर सोसाइटी के विश्व तंबाकू निषेद्य जनजागरण अभियान में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि रेलमंत्री रहते हुए उन्होंने ट्रेन में धूम्रपान प्रतिबंधित किया। चौंकाने वाली जानकारी देते हुए राज्यपाल ने बताया कि 20 साल पहले उन्हें भी कैंसर हुआ था। समय पर जांच और इलाज से उनकी जान बच सकी। कैंसर सोसाइटी सचिव डा. संदीप अग्रवाल ने बताया कि कैंसर रोगियों में एक तिहाई 15 से 24 साल के युवा हैं। लंबे समय तक तंबाकू सेवन से कैंसर ही नहीं, हार्ट, फेफड़ाें जैसी बीमारी का खतरा 50 फीसदी बढ़ जाता है। वरिष्ठ चिकित्सक डा. केके प्रूथी ने बताया कि 70-80 फीसदी कैंसर रोगी डाक्टर के पास इलाज को देर से पहुुंचते हैं। क्लब अध्यक्ष डा. डीवी शर्मा ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में डा. बीआरए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मोहम्मद मुजम्मिल, डा. अल्का सेन, डा. गिरिजाशंकर, डा. आरएस पारीक, डा. एमसी गुप्ता, डा. जेएन टंडन, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य, डा. रामबाबू हरित, डा. जेएन टंडन आदि उपस्थित रहे।
चुटीले अंदाज से मुरीद हुए श्रोता
- राज्यपाल का स्वागत मोगरा फूलाें की माला से किया। अपने वक्तव्य की शुरूआत भी मोगरा फूलाें की तारीफ से की। कहा कि मैं कहीं भी गया, किसी भी पुष्पमाला को साथ लेकर नहीं गया। ये फूलमाला लेकर जरूर जाऊंगा। चुटीले अंदाज में वह बोले कि पत्नी भी खुश हो जाएगी, कि आगरा से मेरे लिए कुछ उपहार लेकर आए। उनके इस अंदाज पर पूरा हाल में हंसी छूट पड़ी।
जब आयोजकों को दी नसीहत
- संचालनकर्ता जब कार्यक्रम की औपचारिकता और अतिथियों के भाषण की राज्यपाल से अनुमति मांगने लगे तो उन्होंने कहा कि मेरी इजाजत क्याें मांगते हो, कार्यक्रम में अनावश्यक देरी हो रही है।
दूध नहीं गुटखा जरूर मिलेगा
- केंद्रीय राज्यमंत्री मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय डा. रामशंकर कठेरिया ने कहा कि गांव में तंबाकू का सेवन बढ़ रहा है। घराें में दूध भले ही नहीं, गुटखा और बीड़ी जरूरत मिल जाएगी।
इन्हें किया सम्मानित
- वरिष्ठ पैथोलोजिस्ट डा. विजयालक्ष्मी सहगल, एसएन मेडिकल कालेज के पैथालोजी विभागाध्यक्ष डा. अतुल गुप्ता और जालमा संस्थान के पूर्व निदेशक डा. वेद भारद्वाज को कैंसर की जंग में विशेष योगदान के लिए राज्यपाल ने सम्मानित किया।
..................................
एंटी तंबाकू निषेद्य का जोड़:
तंबाकू को किया बाय-बाय (फोटो ट्रैक )
आगरा। लपका टू आपका की काउंसलिंग के चलते करीब 20 ऑटो चालक तंबाकू छोड़ चुके हैं। कुछ की आदत छुड़ाने के लिए आयुर्वेदिक चूर्ण का इस्तेमाल हो रहा है। डा. नवीन गुप्ता और डा. अंजू गुप्ता ऑटो चालकाें को काउंसलिंग कर इसके नुकसान गिनाते हैं। अथक प्रयास के बाद डेढ़ दर्जन से अधिक ऑटो चालकों ने तंबाकू न खाने का संकल्प लिया है। संयोजक डा. गुप्ता बताते हैं कि अभी यह शुरुआत है। कई लोग इसकी आदत नहीं छोड़ पाए हैं, इनके लिए आयुर्वेदिक दवाओं का चूर्ण बनवाया गया है। तंबाकू छोड़ चुके ऑटो चालक राजेश शर्मा और मुख्तार खान ने बताया कि तंबाकू खाने वाले अपने परिचित लोगाें को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं।
तंबाकू में कैंसर के 69 रसायन कारक
- एसएन मेडिकल कालेज के क्षय एवं वक्ष रोग विभाग में जन जागरण शिविर लगा। विभागाध्यक्ष डा. संतोष कुमार ने बताया कि तंबाकू में 4800 घातक रसायन रहते हैं, 69 रसायन कैंसर के लिए जिम्मेदार हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डा. राजेश गुप्ता ने कहा कि 80-85 फीसदी फेफड़े के कैंसर में वजह धूम्रपान है। अंत में पीजी पोस्टर प्रतियोगिता हुई। इसमें डा. अंकित देशवाल प्रथम, डा. भारतेश द्वितीय और डा. संतोष- डा. विकास संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। प्राचार्य डा. अजय अग्रवाल ने शिविर का उद्घाटन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया। शिविर में डा. महेश सिंह नरवारिया, डा. मुकेश, डा. अंतरिक्ष, डा. बेनहर जोयल आदि उपस्थित रहे।
..................................
राज्यपाल से मिले व्यापारी
आगरा। नेशनल चेंबर और लघु उद्योग भारती का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल राम नाईक से मिला। चेंबर अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल ने आलू उत्पादक किसानों को ट्रक भाड़े में सब्सिडी व मंडी समिति शुल्क में छूट प्रदान की कराने की मांग रखी। उपाध्यक्ष राजेश गोयल ने यमुना नदी में बैराज निर्माण, आगरा को टेक्सटाईल हब बनाने का अनुरोध किया। पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने यमुना नदी में शहरी सीमा के अंतर्गत 6-7 किमी आ रहे क्षेत्र की डीसिल्टिंग कराने को कहा। लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश गर्ग ने आगरा में राज्य सरकार द्वारा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग लगाने की मांग की। केसी जैन ने पर्यटन उद्योग के विकास हेतु पर्यटन उद्योग से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग की।