सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव बोले- प्रदेश में जाति विशेष को बनाया जा रहा निशाना
कुसमरा (मैनपुरी)। कुसुमरा क्षेत्र के ग्राम अलावलपुर में शनिवार दोपहर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, संभल में अत्याचार किया जा रहा है। विपक्ष के किसी नेता को जाने नहीं दिया जा रहा है। सरकार को डर है कि विपक्ष वहां पहुंच गया तो सच्चाई सामने आ जाएगी। पता लग जाएगा कि वहां मुसलमानों के साथ क्या हुआ और क्या हो रहा है।
कुसुमरा क्षेत्र के ग्राम अलावलपुर प्रधान शिवम यादव के बाबा स्वर्गीय जगदीश सिंह यादव सूबेदार मेजर की प्रतिमा का अनावरण करने प्रो. रामगोपाल यादव यहां आए थे। उन्होंने प्रतिमा अनावरण के बाद मीडिया से मुलाकात की। इसमें कहा, जनसंघ के दौर से किसानों की विरोधी भाजपा रही है। यह उद्योगपतियों की ही पार्टी है। साथ ही उन्होंने शिवम यादव को लेकर कहा कि जहां, आज संतानें अपने माता-पिता बुजुर्गों को भुला रही है, ऐसे में युवा प्रधान ने बाबा की मूर्ति को लगवाकर सराहनीय कार्य किया है। प्रधान शिवम यादव व अंशू यादव ने चांदी का मुकुट, शॉल व साइकिल प्रतीक चिन्ह देकर उनका स्वागत किया। साथ ही रामगोपाल यादव ने मूर्तिस्थल पर चल रही श्रीमद्भागवत में व्यास राकेश दुबे से भेंटकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर दौरान क्षेत्रीय विधायक ब्रजेश कठेरिया, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, नरेंद्र सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, रामवीर सिंह, उदित यादव, अवनीश प्रधान, संजीव श्रीवास्तव, नरेंद्र संगम, सीटू यादव सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।