कासगंज। सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव कंचनपुर निवासी एक युवती ने उसके व उसके परिजनों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की उलाहना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवती का पोस्टमार्टम कराया है।
सपना (20) पुत्री राजाराम निवासी कंचनपुर थाना सुन्नगढ़ी ने शनिवार की सायं घर के कमरे में आयरन रॉड पर दुपट्टे से फंदा लगा लिया। परिजनों को मामले की जानकारी हुई तो युवती के शव को उतारा गया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पिता ने पुलिस को बताया कि गांव के ही अर्जुन, बृजेश, नरसिंह, शैलेंद्र ने दस दिन पूर्व उनके और उनके परिजनों व पुत्री के साथ मारपीट की थी। इससे परिजनों के गंभीर चोटें आईं थीं। पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण भी कराया लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच आरोपी लगातार युवती व परिजनों को उलाहना दे रहे थे। युवती इस बात से परेशान थी और उसने आत्महत्या कर ली। पिता के आरोपों की जांच थाना पुलिस कर रही है।
वर्जन-
- युवती के आत्महत्या करने के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पिता के द्वारा लगाए गए आरोपी जांच की जा रही है। - कालीचरन, कार्यवाहक थाना प्रभारी, सुन्नगढ़ी।