कासगंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम किए गए। महिलाओं को कार्यक्रम के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों को स्वस्थ रहने के उपाए बताए गए। साथ ही उनका सम्मान भी किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बामा सारथी, उत्तर प्रदेश फैमिली वेल्फेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे व जिला बामा सारथी अध्यक्ष डॉ. श्रुति वार्ष्णेय ने महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों व उनके परिजन को फिटनेस कार्यक्रम आयोजित करके फिटनेस बनाए रखने के टिप्स प्रदान किए। महिला पुलिसकर्मियों ने पैदल मार्च भी किया। 70 महिला पुलिसकर्मियों सहित उनके परिवार के लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान सीओ दीपकुमार पंत, प्रतिसार निरीक्षक महेश चंद्र रहे।
भिटौना के जूनियर विद्यालय में महिला दिवस पर सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें महिला जनप्रतिनिधियों को स्कूल की शिक्षिकाओं ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्या शालिनी मिश्रा ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान देना जरूरी है। जिससे अन्य महिलाएं प्रेरित होती हैं और समाज में उनकी सक्रियता बढ़ती है। कार्यक्रम के दौरान भिटौना की पूर्व प्रधान मौहरश्री देवी व नफीजा, बीडीसी सदस्य सावित्री, विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य नाजिया बेगम, जागरूक महिला अभिभावक आशा देवी, सशक्त बालिका के रूप में गुलिस्ता, इकरा, शिक्षिका सुरेखा, मोहिनी, शिखा तिवारी को सम्मानित किया गया। इस दौरान ज्योति सक्सेना, सरिता कुमार व कमलेश कुमारी आदि रहीं।
छात्राओं ने महिला जागरूकता के लिए निकाली रैली
सिढ़पुरा। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सिढ़पुरा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया और छात्राओं ने जागरूकता के लिए रैली निकाली। इस कार्यक्रम के दौरान वार्डन सुनीता शर्मा ने कहा कि आज महिलाएं अपनी मेहनत के बल पर हर क्षेत्र में अगृणी नजर आ रही हैं। आओ नाटक देखो, बेटी को बोझ समझने वालों नाटक देखो विषय पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किया। वहीं फोस्टर पब्लिक स्कूल करतला रोड पर शिक्षकों व छात्रों ने भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर को याद किया और उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बच्चों के द्वारा कार्ड बनाकर अपनी मां और बहनों को समर्पित किए। इस कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधक अनुष्का गुप्ता, सुधीर गुप्ता, प्रधानाचार्य विक्रम शाक्य, शिक्षिका मनीषा, अनुष्का, शिवानी, दीक्षा, निहारिका रहीं। संवाद
शिक्षा व स्वावलंबन के लिए किया जागरूक
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं को शिक्षा और स्वावलंबन के लिए जागरूक किया गया। वूमेन ऑफ टूमॉरो शीर्षक के अंतर्गत यह कार्यक्रम हुआ। महिला कल्याण अधिकारी रितु यादव ने किशोरियों और महिलाओं को जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि छात्राएं शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनें और महिलाएं उद्यम के माध्यम से आगे बढ़ें। जिला समन्वयक रुचि यादव ने भी किशोरियों व महिलाओं को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। शासन की ओर से चलाई जा रहीं योजनाओं के बारे में बताया।