राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन के मद्देनजर बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांट दिया गया है। इसमें जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सीडीओ और एडीएम स्तर के अधिकारियों को दी गई है, वहीं, एसडीएम सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 नवंबर को वृंदावन आ रहे हैं। वो रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के शारदा ब्लॉक स्थित कैंसर यूनिट का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वो ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करेंगे। राष्ट्रपति वृंदावन में करीब चार घंटे तक रुकेंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वृंदावन में मौजूद रहेंगे।
वीवीआईपी के आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। वृंदावन को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांट दिया गया है। मथुरा में दो एडीएम और एक सीडीओ की तैनाती को देखते हुए दो एडीएम स्तर के अधिकारी आगरा से आ रहे हैं।