मथुरा में कोटवन बॉर्डर पर सोमवार को खामोशी रही। हरियाणा को जाने वाले वाहनों की संख्या भी हर रोज के मुकाबले मुश्किल से बीस फीसदी थी। पंजाब और हरियाणा से तो लोग दूरी ही बनाए रहे।
सीबीआई कोर्ट ने बाबा राम रहीम को सजा भले ही दोपहर को सुनाई लेकिन सीमाओं पर चौकसी सुबह से ही थी। अनहोनी का आशंका में लोग हरियाणा से तो दूरी ही बनाए रहे। मथुरा से हरियाणा को हर रोज हजारों वाहन निकलते हैं लेकिन सोमवार को सुबह से ही सन्नाटा दिख रहा था। कार तो बहुत कम ही निकल रही थीं।
बसों का संचालन भी पूरी तरह से ठप था। पुलिस भी चौकस थी। पुलिस अधिकारियों के साथ ही मजिस्ट्रेटों को भी तैनात कर दिया गया था। कोटवन के साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। जेबर और मांट टोल पर पुलिस को लगाकर चेकिंग कराई जा रही थी। मथुरा से हरियाणा को जाने वाले हर रास्ते पर पुलिस बल मुस्तैद था।
पुलिस कंट्रोल रूम से पल पल की लोकेशन ली जा रही थी। जब अदालत ने बाबा को सजा सुना दी थी उसके बाद अलर्ट जारी कर दिया गया था। फोर्स ने कई इलाकों में मार्च किया। एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने बताया कि हर तरफ चौकसी है। अगर कोई किसी प्रकार की गड़बड़ी करेगा तो उससे सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
ट्रेनों में रही चौकसी, स्टेशन पर फोर्स का पहरा
सभी ट्रेनों में चौकसी रही। रेलवे स्टेशन पर भी फोर्स का पहरा था। जीआरपी और आरपीएफ के साथ सिविल पुलिस को भी लगाया गया था।
अदालत ने रामरहीम को सजा भले ही दोपहर को सुनाई लेकिन प्रशासन सुबह से ही चौकस था। रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल लगा दिया गया था। सरकुलेटिंग एरिया, बुकिंग काउंटर, वाहन स्टैंड, रेलवे ओवर ब्रिज और रिजर्वेशन काउंटर पर पुलिस तैनात रही। वहीं, रोडवेड बस स्टैंड पर भी पुलिस की तैनाती रही।
सात ट्रेन रद्द रहीं
पंजाब व हरियाणा में हुई हिंसा के चलते मथुरा से गुजरने वाली सात ट्रेन सोमवार को भी रद्द रही। इसमें छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, तूफान एक्सप्रेस, मुंबई फिरोजपुर जनता एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, नांदेड़ अमृतसर एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रही। इन गाड़ियों के रद्द रहने से यात्री खासे परेशान रहे। वहीं रद्द ट्रेनों के बारे में बार-बार उद्घोषणा होती रही। माना जा रहा है कि मंगलवार से रेल मार्ग सुचारू हो सकता है।