दो दिन उमड़ेगी भीड़
3 और 4 सितंबर को राधाष्टमी पर बरसाना में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। इन श्रद्धालुओं को आसानी और सुरक्षित दर्शन हो सकें, इसके लिए पूरी शिद्दत से पुलिस और प्रशासन जुटा हुआ है। बृहस्पतिवार को आईजी आगरा जोन नचिकेता झा ने एसएसपी अभिषेक यादव, एसपी देहात त्रिगुण विनेश, एएसपी श्रीशचंद, एसपी ट्रैफिक हरेंद्र कुमार, सीओ गोवर्धन राममोहन शर्मा और एसएचओ प्रमोद पंवार के संग करीब डेढ़ घंटे तक मंदिर से लेकर कसबे और कुंडों तक की सुरक्षा को परखा। हर प्वाइंटों पर बारीकी से निरीक्षण के बाद आईजी ने एसएसपी को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। आईजी के निरीक्षण के बाद ही एक जोन बृहस्पतिवार को बढ़ाया गया है। इससे भीड़ का दबाव कम रहेगा।
मंदिर प्रवेश सिंहपौर सीढ़ियों से, निकासी जयपुर मंदिर सीढ़ियों से
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं का राधाष्टमी पर मंदिर में प्रवेश सिंहपौर की सीढ़ियों से हो सकेगा। इन श्रद्धालुओं की निकासी जयपुर मंदिर की नई सीढ़ियों से होगी। सभी श्रद्धालुओं को आसानी और सहूलियत से दर्शन कराने के लिए पूरे इंतजाम कर लिए गए हैं। किसी श्रद्धालुओं को परेशानी न हो सके, इसके लिए सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दे दिए गए हैं। कोरोना काल से पहले राधाष्टमी पर ढाई से तीन लाख श्रद्धालु पहुंचते थे लेकिन कोरोना के बाद धार्मिक गतिविधियां सामान्य होने पर श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। जन्माष्टमी पर 50 लाख श्रद्धालु मथुरा आए थे। इतना ही नहीं श्रीबांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भी इतनी भीड़ हो गई थी कि भगदड़ में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई थी और करीब 70 लोग घायल हो गए थे।
34 पार्किंग, 56 बैरियर, कुंडों पर बैरिकेडिंग
एएसपी श्रीशचंद ने बताया कि 34 पार्किंग, 56 बैरियर बनाए गए हैं। इसके अलावा तीन कुंडों पर बैरिकेडिंग की गई है। यहां दो प्लाटून फ्लड पीएसी को लगाया गया है। यह फ्लड टीम पूरी निगरानी रखेगी। शुक्रवार से बरसाना की तरफ भारी वाहनों पर प्रवेश प्रतिबंधित हो जाएगा। इसके अलावा जो भी वाहन आएगा, वह पार्किंग तक ही पहुंच सकेगा। गोवर्धन, छाता, कोसीकलां और कामां से वाहन पार्किंग तक ही पहुंच सकेंगे। शुक्रवार की शाम से पुलिस फोर्स ब्रीफिंग के बाद तैनात कर दिया जाएगा।
यह रहेगी फोर्स
- एएसपी-8, सीओ-33, एसएचओ/इंस्पेक्टर-50, एसआई-200, आरक्षी/मुख्य आरक्षी-1000, महिला इंस्पेक्टर-2, महिला एसआई-20, महिला आरक्षी-50, पीएसी-2 कंपनी, फ्लड पीएसी-2 प्लाटून।