मैनपुरी। टिड्डी के प्रकोप को लेकर जिले भी प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। जिलाधिकारी की ओर से अग्निशमन विभाग, नगर निकाय और पंचायत राज विभाग को भी तैयारियां में जुट जाने के लिए आदेशित किया गया है।
अब तक मैनपुरी के सीमावर्ती जिले इटावा और फिरोजाबाद में टिड्डी दल के प्रकोप की
आशंका जताई गई थी। इसे देखते हुए अब जिला प्रशासन मैनपुरी ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी नगेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में इसके लिए एक समिति का गठन किया गया है।
समिति में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी और जिला कृषि रक्षा अधिकारी को भी शामिल
किया गया है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बृहस्पतिवार को भी सरकारी विभागों को भी इंतजाम चाक चौबंद रखने के लिए आदेश जारी किया गया है।
इसमें अग्निशमन और नगर पालिका को टैंकर पानी से भरे रखने और स्प्रे आदि की व्यवस्था रखने के लिए आदेशित किया गया है तो वहीं पंचायत राज विभाग को प्रधानों को जागरूक करने और उप कृषि निदेशक को प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच ट्रैक्टर की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ने क्षेत्र में भ्रमण कर फसलें देखीं। उन्होंने बताया कि अभी कहीं भी फसलों में कोई रोग या टिड्डी के प्रकोप की जानकारी नहीं मिली।
इन नंबरों पर दें सूचना
टिड्डी की सूचना के लिए क्षेत्रीय लेखपाल, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और प्राविधिक सहायक कृषि को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेकिन अगर किसी किसान को भी कहीं टिड्डी दल दिखाई देता है तो वह कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचना दे सकता है। सूचना देने के लिए किसान 9457294824, 9141567862 और 9897602234 पर फोन कर सकते हैं।
टिड्डी से बचाव के लिए प्रशासन तैयारियां कर रहा है। अगर कहीं भी टिड्डी दिखाई देती है या सूचना मिलती है तो तत्काल जारी किए गए नंबरों पर सूचित करें, ताकि समय रहते उससे बचाव के लिए उपाय किए जा सकें।
डॉ. गगनदीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।