राबर्ट्सगंज में शनिवार को आई आंधी के दौरान उड़ता धूल का गुबार।
बुधवार शाम को आई आंधी की रफ्तार बीते चार दिनों में सबसे ज्यादा रही। 109 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी और फिर तेज बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया, वहीं दर्जनों पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया। पालीवाल पार्क में 26 पेड़ गिर पड़े तो जोंस मैरी लाइब्रेरी, माल रोड, सदर, सर्किट हाउस, सिकंदरा और ताज नेचर वॉक में भी दर्जनों पेड़ों को नुकसान पहुंचा। बुधवार सुबह से शाम तक रुक रुक कर कई बार बारिश हुई। मई में अब तक चार दिनों में 28 मिमी बारिश हो चुकी है, जिसमें बुधवार को 13.4 मिमी बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में भी कमी आई है।
बुधवार को सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। सुबह रुक-रुक कर बारिश हुई जो दोपहर में भी कई बार हुई। लगातार चौथे दिन शाम 6:20 बजे आंधी शुरू हुई और उसके बाद तेज बारिश। चार दिनों के मुकाबले आंधी की रफ्तार बुधवार को सबसे ज्यादा रही। 109 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का सामना शहर के पेड़ नहीं कर सके। पालीवाल पार्र्क में ही 26 पेड़ टूट गए, वहीं सदर में नंद सिनेमा के पास जोंस मैरी लाइब्रेरी के पास पुराना पेड़ टूट गया। सर्किट हाउस रोड पर पीएसी के सामने दो पेड़ गिर पड़े। इससे यातायात अवरुद्ध हो गया। धूल भरी आंधी से दृश्यता भी 50 मीटर से कम रह गई। शाम को तेज बारिश के कारण तापमान में एकाएक कमी आई। दिन में पारा जहां 36.6 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 6 डिग्री नीचे है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। मौसम उमस भरा रहेगा और अब 28 मई के बाद ही वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने से राहत मिल पाएगी। शनिवार तक तेज धूप रह सकती है।