आगरा नगर निगम ने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन नहीं रखने और कूड़ा खाली प्लाॅट या सड़क पर फेंकने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। पूरे जुलाई माह में चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के लिए टीमें बनाई गई हैं।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि कई व्यापारिक क्षेत्रों से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि दुकानदार कचरा सड़क किनारे, नालियों या खाली प्लॉटों में फेंक देते हैं, जिससे जलभराव और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रमुख व्यावसायिक इलाकों और साप्ताहिक हाटों की निगरानी की जाएगी।
जो दुकानदार डस्टबिन नहीं रखेंगे और कचरा सड़क पर या प्लॉट में डालेंगे, उनसे जुर्माना वसूलने के लिए कहा गया है। सड़क पर कचरा डालने से फैल रही गंदगी के कारण मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया समेत संक्रामक रोग फैलने की आशंका है।