जीआरपी ने पकड़े गांजा तस्करी के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा कैंट स्टेशन पर तेलंगाना एक्सप्रेस से 28 किलो गांजा लेकर आए तीन युवकों को जीआरपी आगरा कैंट ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में दिल्ली के राहुल उर्फ योगेश का नाम फिर सामने आया है, जोकि दक्षिण के राज्यों से गांजे की तस्करी करवाता है। जीआरपी की सर्विलांस टीम ने राहुल की तलाश शुरू कर दी है।
सीओ जीआरपी गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि अभी तक गांजे की तस्करी एपी एक्सप्रेस से की जा रही थी। बृहस्पतिवार को तेलंगाना स्पेशल ट्रेन से गांजा लेकर आए तीन युवकों को जीआरपी की टीम ने स्टेशन के गेट से पकड़ा है। वह सड़क मार्ग से दिल्ली जा रहे थे।
संबंधित खबर- ब्रज में गांजा की तस्करीः पकड़ से दूर सरगना, ऑटो और खोखे पर बेचा जा रहा मादक पदार्थ
पकड़े गए युवकों में गौतम ठाकुर निवासी वेस्ट दिल्ली, संगमलाल और रणजीत निवासीगण नांगलोई, वेस्ट दिल्ली हैं। इनमें गौतम व संगम मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और दिल्ली में नौकरी करते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दिल्ली के राहुल उर्फ योगेश के लिए काम करते हैं। गांजा राजमुंदरी से लेकर आए थे। गौतम ने बताया कि एक बार गांजे की खेप लाने के 10 हजार रुपये दिए जाते हैं। वह पहले भी गांजा लेकर जा चुके हैं।
इस गांजे को दिल्ली में सराय काले खां पर राहुल के साथी को देना था। सीओ जीआरपी ने बताया कि राहुल नामक व्यक्ति का नाम दूसरी बार सामने आया है। बरामद गांजे की कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। इसके पहले भी अगस्त में राहुल का नाम सामने आया था। उसका केवल मोबाइल नंबर है। अब दिल्ली पुलिस की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।