खंदौली। क्षेत्र के गांव सेमरा में बुधवार सुबह पोखर में डूबने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई। मासूम दादी के पास जाने की कहकर घर से निकला था। खेलते-खेलते रास्ता भटककर पोखर के पास पहुंच गया। काफी देर तक तलाश के बाद ग्रामीणों ने उसे पोखर में खोजा। कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव सेमरा निवासी राकेश शर्मा उर्फ प्रांजिल शर्मा का तीन वर्षीय बेटा राघव शर्मा बुधवार सुबह अपनी दादी के साथ पास स्थित माता के मंदिर पर गया था। दादी ने उसे नहाने का साबुन देकर घर वापस भेज दिया। घर पहुंचने के बाद राघव साबुन फेंककर दोबारा दादी के पास जाने की जिद करने लगा। मां मोनिका ने उसे काफी रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और घर से निकल गया। उसके साथ परिवार की चार वर्षीय रिश्ते की बुआ वैष्णवी भी थी।
दोनों बच्चे रास्ता भटक गए और खेलते-खेलते पोखर के पास पहुंच गए। बस्ती के लोगों ने वैष्णवी को देखा और डांटकर घर भेज दिया। वैष्णवी के घर पहुंचने पर परिजन ने राघव के बारे में पूछताछ की। इस पर उसने बताया कि भैया वहां हैं। यह सुनते ही परिजन और ग्रामीण पोखर की ओर दौड़ पड़े। राघव के पोखर में होने की आशंका से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पोखर में जाल डलवाकर तलाश कराई। कई घंटे की मशक्कत के बाद राघव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंदौली लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।