मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र में वर्ष 2012 में हुए सड़क हादसे के मामले में लापरवाही बरतने वाले तत्कालीन सीओ कुरावली, थानाध्यक्ष औंछा और एक दरोगा रिटायर हो चुके हैं। तत्कालीन एआरटीओ के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में तत्कालीन एसपी, एआरटीओ, सीओ कुरावली, थानाध्यक्ष औंछा, विवेचक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
थाना औंछा क्षेत्र में हवेली मोड़ के पास सात फरवरी 2012 की शाम सात बजे ट्रक और बस की टक्कर में रठेरा गांव के रहने वाले 22 लोगों सहित 24 लोगों की मौत हो गई थी। बस एक स्कूल से संबद्ध थी। बस और ट्रक का बिना मानक पूरे किए संचालन किया जा रहा था। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के चेयरमैन पीएन राय ने वर्ष 2012 में जिले में तैनात रहे एसपी, एआरटीओ, सीओ कुरावली, थानाध्यक्ष बिछवां, विवेचक के खिलाफ मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में लापरवाही बरतने के आरेाप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार तत्कालीन सीओ कुरावली जगदीशचंद्र, थानाध्यक्ष औंछा चंद्रहास तिवारी, विवेचक राधेश्याम रिटायर हो चुके हैं। तत्कलीन एआरटीओ के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनकी शामली में तैनात होने की जानकारी मिली है। एएसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से अभी कोई पत्र नहीं मिला है। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पत्र के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।