मैनपुरी। जिले में सर्दी के बीच बीमारियों से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार का जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से जिला अस्पताल पहुंचे तीन मरीजों की बुखार, हार्ट अटैक और सांस लेने में दिक्कत के चलते मौत हो गई। जिला अस्पताल में 13 मरीजों को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव इटौरा निवासी 45 वर्षीय सत्यवीर सिंह को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। रविवार को हालत बिगडने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भोगांव निवासी 68 वर्षीय ग्यानदेवी को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। रविवार को परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर के पुरानी बस्ती देवपुरा निवासी ईश्वरदयाल को रविवार को अचानक हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं बिछवां शहर के गांव तिसौली निवासी 50 वर्षीय शरीफ शाह कैंसर से पीड़ित थे। रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई।