कासगंज। महाशिवरात्रि के कांवड़ मेले को लेकर प्रशासन व पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कांवड़ मेला शुरू हो चुका है। लेकिन अभी सीमित संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आगामी समय में कांवड़ियों की संख्या बढ़ेगी। इस स्थिति के लिए प्रशासन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। लहरा गंगाघाट पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए तीन पार्किंग स्थल बनाए हैं। जैसे-जैस पार्किंग स्थल भरते जाएंगे। उसी के अनुसार पार्किंग स्थलों का प्रयोग होगा। कांवड़ मेला के लिए एडीजी जोन से भी पुलिस अधीक्षक ने फोर्स मांगा है।
कांवड़ मेले की तैयारियों को परखने के लिए एडीएम राकेश पटेल, एएसपी राजेश भारती, सीओ सदर आंचल चौहान घाट पर पहुंची। यहां व्यवस्थाओं को लेकर घाट के दुकानदारों से बातचीत की। कांवड़ का सामान बेचने वाले दुकानदारों से भी बातचीत की गई। एडीएम ने नगरपालिका प्रशासन को मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर रखने व सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शौचालय के इंतजाम पर्याप्त रहें।
महिला श्रद्धालुओं के लिए भी शौचालय आदि की व्यवस्था पर्याप्त बनी रहें। एएसपी ने बताया कि लहरा गंगाघाट पर निगरानी के लिए वॉच टावर बनाई जा रही है। वहीं गहरे पानी में श्रद्धालुओं को सचेत करने के लिए संकेतक लगाए जा रहे हैं। जिससे कोई श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जाए। उन्होंने बताया कि तीन पार्किंग स्थल बनाए हैं। जिससे जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि जब कांवडिय़ों की भीड़ आखिरी चार दिनों में अधिक रहेगी तब रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।