फिरोजाबाद। जनपद की सीमा में फर्राटा भर रहे डग्गेमार एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ गत दिवस रात को एआरटीओ प्रशासन व प्रवर्तन दल ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। थाना मक्खनपुर, नसीरपुर और मटसेना क्षेत्र में चले अभियान के दौरान तीन ओवरलोड वाहनों को सीज करने के साथ ही 32 वाहनों के चालान काटे गए। उनमें 25 डग्गेमार व बगैर पंजीकरण संचालित हो रहे वाहन भी शामिल हैं।
एआरटीओ राजेश कर्दम एवं परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार की रात को थाना शिकोहाबाद, मटसेना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान निर्धारित भार से अधिक माल ढोने वाले वाले एक कंटेनर व दो ट्रकों को पकड़ा। तीनों को मौके पर ही सीज कर थाना पुलिस चौकी मटसेना पर खड़ा कराया गया। वहीं मक्खनपुर और शिकोहाबाद क्षेत्र में पकडे़ गये सात अन्य वाहनों का चालान किया गया। अभियान के दौरान ही एआरटीओ विभाग की टीम ने थाना नसीरपुर के समीप डग्गेमार व बगैर पंजीकरण संचालित 25 टाटा मैक्स और पेट्रोल चलित ऑटो रिक्शा पकड़े। एआरटीओ राजेश कर्दम के मुताबिक बगैर पंजीकरण संचालित वाहनों के चालकों को तत्काल पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।