मैनपुरी। कोरोना महामारी के बीच अचानक लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आ रही है लेकिन इसके बाद भी लोगों की मौत हो रही है। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में सांस लेने में दिक्कत होने पर भर्ती कराए गए तीन मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार पिछले 15 दिन में करीब 60 लोगों की मौत हुई है। इनमें 50 मरीज ऐसे थे जिन्हें सांस लेने में दिक्कत होने पर भर्ती कराया गया था।
कोरोना महामारी के बीच पिछले कुछ दिनों से जिला अस्पताल में सांस के मरीजों की संख्या बढ़ी है। प्रतिदिन तीन से चार मरीजों की मौत भी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग भी इन मौतों को लेकर चिंतित है। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव म्यौरा निवासी 69 वर्षीय सोनेलाल को सांस लेने में दिक्कत होने पर सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान सोमवार रात उनकी मौत हो गई।
बम्हौरा निवासी 55 वर्षीय झब्बू सिंह को भी सांस लेने में दिक्कत होने पर सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान सोमवार रात उनकी मौत हो गई। कुरावली थाना क्षेत्र के गांव रसेमर निवासी 70 वर्षीय सूरजमुखी पत्नी वीरप्रताप को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजनों ने मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उपचार में देरी बन जाती है मरीज के जीवन पर संकट
सीएमओ डॉ. एके पांडेय का कहना है कि यदि जरा भी दिक्कत होती है तो समय से सरकारी अस्पताल में पहुंचकर उपचार लें। उपचार में लापरवाही से जान जोखिम में पड़ सकती है। जिला अस्पताल में जिन मरीजों की मौत हो रही है वे देरी से उपचार के लिए पहुंचे हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों की मौत हुई है। इन मरीजों को गंभीर हालत में ही लाया गया था। यदि उन्हें समय से अस्पताल लाया गया होता तो उनकी जान बचाई भी जा सकती थी।
डॉ. अरविंद कुमार गर्ग सीएमएस