चूल्हे की चिंगारी से झोंपड़ी की लगी आग, 5 लाख रुपये का ग्रहस्थी का सामान जल कर खाक, राजस्व टीम
बाह। चित्राहाट के पारना गांव के मजरा पुरा रघुवर गांव में रविवार दोपहर 3 बजे चूल्हे की चिंगारी से लगी आग से किसान लल्लूराम के 5 लाख रुपये के ग्रहस्थी के सामान समेत झोपड़ी जलकर खाक हो गई। बाह से पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
पुरा रघुवर के लल्लूराम का परिवार झोपड़ी में सुलगता चूल्हा छोड़ कर खेत पर काम करने के लिए चला गया था। दोपहर 3 बजे चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी धधक उठी। कच्ची दीवार के सहारे बनाई गई तीन झोपड़ियों से आग की लपटें उठने पर गांव में भगदड़ मच गई। सूचना पर चित्राहाट पुलिस मौके पर पहुंची, बाह से अग्निशमन विभाग की दमकल बुलाई गई। जब तक फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाती, तक तक सभी झोंपड़ियां जल कर नष्ट हो गई। झोपड़ी में रखा अनाज, खाने पीने का सामान, नकदी, चारपाई, कपड़े आदि ग्रहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। लल्लूराम का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। अग्नि हादसे की सूचना पर बाह के नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 5 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। फौरी तौर पर परिवार के लिए रसद की व्यवस्था कराई है। आपूर्ति निरीक्षक को भी रसद का प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।