करहल। थाना पुलिस ने क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से आठ किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। डोडा से अफीम का निर्माण होता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने सोमवार को जेल भेजा।
लोकसभा चुनाव को लेकर एसपी विनोद कुमार की ओर सभी प्रभारी निरीक्षकों को क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसपी के आदेश का असर भी दिखाई दे रहा है। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी को सूचना मिली कि कुछ मादक पदार्थ तस्कर क्षेत्र में मादक पदार्थ की बिक्री कर रहे हैं। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने टीम के साथ तलाश शुरू कर दी। तीन अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर तीनों ही तस्करों को माल सहित गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से आठ किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ।
प्रभारी ने बताया कि पोस्त के सूखे फल के छिलके को डोडा कहते हैं। जिसे पानी में भिगोकर शेष रहे अफीम के निर्यास को घोलकर निकाल लिया जाता है। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने अपने नाम विकास मारंडे निवासी गांव सल्यासम जिला खुर्दा उड़ीसा, सिद्धार्थ सिंह और रवि सिंह निवासी मोहल्ला जाटवान करहल बताया। तस्करों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद कार्रवाई की गई।